25 जून : कालका-शिमला नेशनल हाईवे-5 पर गुरुवार तड़के दतियार के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार बाइक खतरनाक मोड़ पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी रेलिंग से टकरा गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तीनों युवक सोलन से कालका की ओर जा रहे थे। सुबह करीब साढ़े तीन बजे हुए इस हादसे में टक्कर इतनी भीषण थी कि दो युवक करीब 80 फुट गहरी खाई में जा गिरे, जबकि तीसरा युवक हाईवे पर ही गिर पड़ा। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकालकर तुरंत ईएसआई अस्पताल परवाणु पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए तीनों को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि घायल युवक कालका क्षेत्र के निवासी हैं। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह बाइक की तेज रफ्तार मानी जा रही है, जिसके चलते चालक दतियार के खतरनाक मोड़ पर वाहन से नियंत्रण खो बैठा। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।