बिलासपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पंजाब नंबर की कार से चिट्टा बरामद; युवती समेत 4 गिरफ्तार

25 जून : हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस चौकी ग्वालथाई की टीम ने नाकाबंदी के दौरान पंजाब नंबर की एक कार से 18.32 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। मामले में एक युवती सहित पंजाब के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के अनुसार पुलिस टीम ने नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध वाहनों की जांच की। इसी दौरान पंजाब नंबर की कार (PB 11AP-1791) को जांच के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान कार के डैशबोर्ड में पीले रंग के कपड़े के अंदर छिपाकर रखा गया 18.32 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

चिट्टा बरामद होने के बाद पुलिस ने कार में सवार चारों लोगों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमेश कुमार (27), अमिर खान (23), अनमोल (19) और प्रीति कुमारी (23) निवासी पटियाला, पंजाब के रूप में हुई है।

एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि थाना कोट कहलूर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चिट्टे की खेप हिमाचल में किसे सप्लाई की जानी थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं।

उन्होंने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार सख्ती के साथ जारी रहेगा और ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *