25 जून , अभिषेक मिश्रा : जुखाला डिग्री कॉलेज में विज्ञान और वाणिज्य संकायों को पुनः बहाल करने की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन लगातार जोर पकड़ता जा रहा है। आंदोलन के दूसरे दिन भी क्षेत्र के लोगों, विद्यार्थियों और विभिन्न संगठनों ने जुखाला में दो घंटे तक चक्का जाम कर सरकार के निर्णय के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
आंदोलन को उस समय और बल मिला जब श्री नैना देवी विधानसभा क्षेत्र के विधायक रणधीर शर्मा धरना स्थल पर पहुंचे और आंदोलनकारियों के साथ धरने पर बैठकर अपना समर्थन व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जुखाला कॉलेज आसपास की 15 पंचायतों के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा का महत्वपूर्ण केंद्र है और विज्ञान व वाणिज्य संकायों को बंद करने का निर्णय छात्रों के भविष्य को प्रभावित करने वाला है। उन्होंने सरकार से इस फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग भी की।
चक्का जाम के दौरान स्थिति उस समय थोड़ी तनावपूर्ण हो गई जब पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाने का प्रयास किया। इसके विरोध में कई आंदोलनकारी सड़क पर ही बैठ गए और कुछ लोग धरना स्थल पर लेट गए। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की धक्का-मुक्की भी हुई, हालांकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।
जुखाला कॉलेज बचाओ मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से चल रहा है। मंच ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आंदोलन को दबाने के लिए बल प्रयोग किया गया तो उसके परिणामों की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक विज्ञान और वाणिज्य संकायों को बहाल नहीं किया जाता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। इसी क्रम में मंच ने घोषणा की है कि गुरुवार को भी जुखाला में दो घंटे का चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।