गुरु रंधावा के जिम फायरिंग मामले में बड़ा खुलासा, लॉरेंस बिश्नोई गैंग के 2 आरोपी गिरफ्तार

25 जून : पंजाबी गायक गुरु रंधावा से जुड़े जिम के बाहर हुई फायरिंग मामले में दिल्ली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पश्चिम विहार क्षेत्र में स्पेशल सेल और आरोपियों के बीच हुई संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े दो कथित सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हकीकत और सागर के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों आरोपी 11 जून को हुई गोलीबारी की घटना के बाद से फरार चल रहे थे।

पुलिस के मुताबिक बुधवार रात दोनों आरोपी पश्चिमी दिल्ली में किसी अन्य वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। इसी दौरान स्पेशल सेल की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर उन्हें घेर लिया। आरोप है कि पुलिस को देखते ही दोनों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की। मुठभेड़ में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से हथियार भी बरामद किए हैं।

इसके साथ ही इस मामले में अब तक चारों आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इससे पहले अपराध शाखा ने दो अन्य आरोपियों अरमान (19) और तुषार उर्फ ताशु उर्फ पिंकू (21) को बहादुरगढ़ से गिरफ्तार किया था।

जांच एजेंसियों के अनुसार चारों आरोपी अमेरिका में बैठे गैंगस्टर अनिल पंडित से जुड़े हैं, जिसे लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया जा रहा है। जिम पर हुई फायरिंग के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए हमले की जिम्मेदारी भी ली गई थी।

पोस्ट में दावा किया गया था कि गुरु रंधावा के जिम को अभिनेता सलमान खान से उनकी कथित नजदीकियों के कारण निशाना बनाया गया, जिन्हें लॉरेंस बिश्नोई गैंग अपना विरोधी मानता है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *