25 जून : हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के नूरपुर उपमंडल के सदवां क्षेत्र स्थित एक निजी स्कूल में 7वीं कक्षा के छात्र के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि होमवर्क पूरा न करने पर स्कूल प्रिंसिपल ने छात्र की बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में अभिभावकों और स्थानीय लोगों में रोष देखा जा रहा है।
पीड़ित छात्र की मां शारदा देवी पत्नी महेंद्र पाल निवासी लुदोड़ी ने इस संबंध में पुलिस को लिखित शिकायत दी है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी प्रिंसिपल के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार छात्र का मेडिकल सिविल अस्पताल नूरपुर में करवाया गया है। वहीं घटना के विरोध में एक प्रतिनिधिमंडल ने नूरपुर थाना पहुंचकर पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की और आरोपी प्रिंसिपल की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्मचंद वर्मा ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।