25 जून : उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बुधवार को परिधि गृह रोहड़ू में जल शक्ति विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विधानसभा क्षेत्र में चल रही पेयजल, सिंचाई और सीवरेज परियोजनाओं की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ दूरदराज और ग्रामीण इलाकों तक भी बेहतर पेयजल, सिंचाई और सीवरेज सुविधाएं पहुंचाना है।
बैठक के दौरान राज्य मद के अंतर्गत रोहड़ू मंडल में प्रगति पर चल रही 43 पेयजल योजनाओं की समीक्षा की गई। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं के पूरा होने से हजारों लोगों को नियमित और बेहतर पेयजल सुविधा उपलब्ध होगी। परियोजनाओं के शीघ्र क्रियान्वयन के लिए उन्होंने तत्काल एक करोड़ रुपये जारी करने की घोषणा की तथा अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में रोहड़ू शहर की सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) परियोजना पर भी विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि रोहड़ू एसटीपी के संवर्धन के लिए लगभग 41 करोड़ रुपये का प्राक्कलन तैयार किया गया है।
जल जीवन मिशन के तहत स्वीकृत 56 परियोजनाओं में से 50 पूरी हो चुकी हैं, जबकि छह परियोजनाओं पर कार्य जारी है। इन परियोजनाओं पर करीब 142 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। वहीं प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत स्वीकृत 11 परियोजनाओं में से नौ पूरी हो चुकी हैं और दो पर कार्य प्रगति पर है।
बैठक में नमामि गंगे योजना के अंतर्गत रोहड़ू, चिड़गांव और हाटकोटी के लिए 41.55 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित एसटीपी परियोजना, रोहड़ू एसटीपी एवं जलापूर्ति योजना के संवर्धन हेतु 65.70 करोड़ रुपये तथा चिड़गांव जलापूर्ति एवं सीवरेज प्रणाली के लिए 51.02 करोड़ रुपये के प्राक्कलन भी प्रस्तुत किए गए।
इस अवसर पर विधायक मोहन लाल ब्राक्टा, महेश्वर सिंह चौहान, छतर सिंह ठाकुर, धर्मेश रामौत्रा, प्रणव चौहान सहित जल शक्ति विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।