25 जून : मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने बुधवार को डिजिटल प्रौद्योगिकी एवं गवर्नेंस विभाग की बैठक की अध्यक्षता करते हुए विभिन्न विभागों की परियोजनाओं और योजनाओं की निगरानी के लिए विकसित मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में बागबानी विभाग के उन कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई, जिन्हें डिजिटल प्लेटफॉर्म में शामिल किए जाने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि अन्य विभाग भी अपने प्रमुख कार्यक्रमों और योजनाओं की पहचान करें, ताकि उन्हें भविष्य में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड से जोड़ा जा सके और उनकी रियल-टाइम मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने पिछले साढ़े तीन वर्षों के दौरान जनहित में अनेक कल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं और यह सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है कि इनका लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड योजनाओं की प्रगति, क्रियान्वयन और प्रभावी निगरानी के लिए एक महत्वपूर्ण और आधुनिक माध्यम साबित होगा।
सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार प्रशासनिक कार्यों में आधुनिक तकनीक का व्यापक उपयोग कर रही है, जिससे पारदर्शिता, कार्यकुशलता और सेवा वितरण प्रणाली को मजबूत किया जा सके। उन्होंने कहा कि तकनीक आधारित निगरानी व्यवस्था से सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में मदद मिलेगी।
बैठक में राजस्व एवं बागबानी मंत्री जगत सिंह नेगी, सचिव सी. पालरासु, आशीष सिंहमार तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।