बीड़ में भीषण अग्निकांड: चार मकान आग की भेंट, लाखों की संपत्ति राख

25 जून : उपमंडल बैजनाथ की पर्यटन नगरी बीड़ में बुधवार सुबह हुए भीषण अग्निकांड ने चार परिवारों को भारी नुकसान पहुंचाया। आग की लपटों ने देखते ही देखते चार मकानों को अपनी चपेट में ले लिया, जिनमें से दो मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए, जबकि अन्य मकानों को भी गंभीर क्षति पहुंची।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार किराए पर दिए गए मकानों से अचानक धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के मकानों तक फैल गई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता के आगे उनके प्रयास नाकाफी साबित हुए।

सूचना मिलते ही बीड़ पुलिस चौकी के एसआई दिलीप सकलानी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य में एचएचसी रविंद्र बक्शी, अर्जुन निर्मल कटोच, विराज, योगराज तथा पूर्व प्रधान सुरेश ठाकुर ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की टीमें बैजनाथ, जोगिंद्रनगर और पालमपुर से मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया।

मकान मालिक कर्नल जोतिंद्र पॉल और कुलविंदर पॉल ने बताया कि आग लगने से मकानों में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया। अग्निकांड से सुदर्शना देवी, जीविका, गुड्डू देवी और अश्वनी पॉल के परिवार प्रभावित हुए हैं। इनमें से दो परिवारों को सबसे अधिक आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है।

सुदर्शना देवी ने बताया कि उन्होंने एक दिन पहले ही कमेटी से 50 हजार रुपये निकाले थे, जो आग में जल गए। इसके अलावा सोने के आभूषण, महत्वपूर्ण दस्तावेज और घरेलू सामान भी आग की भेंट चढ़ गए।

घटना के बाद राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है और प्रशासन मामले की जांच में जुटा हुआ है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *