24 जून : मुंबई की लोकल ट्रेन में एक मामूली बहस ने खौफनाक रूप ले लिया। भारी बारिश के बीच ट्रेन का दरवाजा बंद करने को लेकर हुए विवाद में 22 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना चर्चगेट-नालासोपारा फास्ट लोकल ट्रेन के फर्स्ट क्लास डिब्बे में अंधेरी और बोरीवली स्टेशनों के बीच हुई।
मृतक की पहचान विरार निवासी मयंक लोहार के रूप में हुई है। वह अंधेरी स्थित एक निजी कंपनी में सेल्समैन के तौर पर कार्यरत था और घटना के समय काम से घर लौट रहा था। बताया जा रहा है कि ट्रेन में यात्रा के दौरान मयंक ने एक यात्री से बारिश के कारण डिब्बे का दरवाजा बंद करने का आग्रह किया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई।
पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान आरोपी ने धारदार हथियार से मयंक पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रेन के बोरीवली स्टेशन पहुंचने से पहले ही आरोपी चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (जीआरपी) की टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल सहायता प्रदान की। हालांकि, गंभीर चोटों के कारण उसकी जान नहीं बच सकी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और स्टेशन परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।