24 जून : भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज और पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को देश के चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्मश्री से सम्मानित किया गया है। राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया। रोहित उन 65 हस्तियों में शामिल रहे, जिन्हें पद्म पुरस्कारों के दूसरे चरण में सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर भारतीय महिला हॉकी टीम की अनुभवी गोलकीपर सविता पुनिया को भी पद्मश्री से सम्मानित किया गया, जबकि टेनिस जगत के दिग्गज खिलाड़ी विजय अमृतराज को पद्म भूषण पुरस्कार प्रदान किया गया।
रोहित शर्मा के लिए यह सम्मान इसलिए भी खास रहा क्योंकि इसी दिन उनके अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर के 19 वर्ष भी पूरे हुए। उन्होंने 23 जून 2007 को भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। अपने शानदार करियर में रोहित ने तीनों प्रारूपों में भारतीय टीम की कप्तानी की और कई यादगार उपलब्धियां हासिल कीं।
उनकी कप्तानी में भारत ने टी-20 विश्व कप 2024 और आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का खिताब अपने नाम किया। पद्मश्री सम्मान रोहित शर्मा के भारतीय क्रिकेट में अमूल्य योगदान और उनकी शानदार उपलब्धियों का बड़ा सम्मान माना जा रहा है।