24 जून : हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ (एचपीसीए) के उभरते हुए क्रिकेटर पुखराज मान ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। उनका चयन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस द्वारा आयोजित इमर्जिंग मेन्स टूर्नामेंट-2026 के लिए किया गया है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 6 से 24 जुलाई तक बंगलुरु में आयोजित होगी।
टूर्नामेंट में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को 5 जुलाई की दोपहर तक प्रतियोगिता स्थल पर रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। एचपीसीए के मानद सचिव मनुज शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि पुखराज मान को टूर्नामेंट के लिए टीम-सी में शामिल किया गया है, जो उनके लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन और कड़ी मेहनत का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि पुखराज का यह चयन न केवल खिलाड़ी के लिए गौरव की बात है, बल्कि हिमाचल प्रदेश क्रिकेट के लिए भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी और राज्य की क्रिकेट प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान प्राप्त होगी।
एचपीसीए परिवार ने पुखराज मान को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए टूर्नामेंट में उनके उज्ज्वल प्रदर्शन की कामना की है।