24 जून : हमीरपुर जिले के टौणीदेवी में आयोजित माता के छोटे मेले के दौरान मंगलवार को एक रेडीमेड कपड़ों की दुकान में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण भड़की और देखते ही देखते दुकान के एक हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय दुकानदारों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, जिससे दुकान के दूसरे हिस्से में रखा सामान सुरक्षित बचा लिया गया।
बताया जा रहा है कि यह दुकान स्थानीय मंदिर कमेटी के प्रधान सरवन चौहान की है। घटना के समय सरवन चौहान पास में स्थित अपनी दूसरी दुकान में मौजूद थे, जिसके चलते कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि आग लगने से करीब दो लाख रुपये मूल्य के रेडीमेड कपड़े जलकर राख हो गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पंचायत प्रधान राजीव चौहान मौके पर पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। वहीं, पंचायत प्रधान ने प्रशासन से प्रभावित दुकानदार को जल्द राहत और उचित आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की