22 जून , कविता शांति गौतम: समाजसेवी एवं हिंदू चिंतक महंत मनोज शर्मा ने पंजाब की आर्थिक स्थिति को लेकर चिंता जताते हुए सभी राजनीतिक दलों से राज्य को कर्जमुक्त बनाने के लिए संयुक्त प्रयास करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि राजनीतिक दल वास्तव में पंजाब के विकास और जनता के हितों के प्रति गंभीर हैं, तो उन्हें चुनावी खर्चों में कटौती कर राज्य की आर्थिक मजबूती के लिए योगदान देना चाहिए।
महंत मनोज शर्मा ने कहा कि पंजाब लगातार बढ़ते कर्ज के दबाव से जूझ रहा है, जिसका असर विकास कार्यों, रोजगार और आम लोगों के जीवन पर साफ दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि चुनावों के दौरान करोड़ों रुपये प्रचार-प्रसार पर खर्च किए जाते हैं, जबकि इन्हीं संसाधनों का उपयोग राज्यहित में किया जाए तो पंजाब को आर्थिक संकट से बाहर निकाला जा सकता है।
उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर पंजाब के उज्ज्वल भविष्य के लिए ठोस कदम उठाएं। उनका कहना था कि जनता की भलाई की बात करने वाले दलों को राज्य की आर्थिक स्थिति सुधारने में भी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
महंत मनोज शर्मा ने उम्मीद जताई कि पंजाब को कर्जमुक्त और समृद्ध बनाने के लिए राजनीतिक दल सकारात्मक पहल करेंगे, ताकि आने वाली पीढ़ियों को बेहतर भविष्य मिल सके।