22 जून, कविता शांति गौतम: भारतीय योग संस्थान, चंडीगढ़ प्रांत के तत्वावधान में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शहर के तीन अलग-अलग स्थानों पर भव्य योग शिविरों का आयोजन किया गया। 21 जून को आयोजित इन कार्यक्रमों में सैकड़ों योग साधकों ने भाग लेकर योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
संस्थान द्वारा सामान्य योग प्रोटोकॉल के तहत सेक्टर-36 स्थित फ्रैगरेंस गार्डन, सेक्टर-20 के कॉरपोरेशन पार्क तथा सेक्टर-48 के ओपन थियेटर में योग शिविर लगाए गए। फ्रैगरेंस गार्डन में करीब 400, सेक्टर-20 में लगभग 200 और सेक्टर-48 में करीब 300 लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास किया।
कार्यक्रमों में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों सहित सभी आयु वर्ग के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की क्रियाएं करवाईं तथा नियमित योग को तनावमुक्त, स्वस्थ और संतुलित जीवन के लिए बेहद जरूरी बताया।
भारतीय योग संस्थान के पदाधिकारियों ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं बल्कि मानसिक शांति और सकारात्मक जीवनशैली का भी माध्यम है। उन्होंने लोगों से योग को रोजमर्रा की दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।