20 जून: आयुष्मान आरोग्य मंदिर आयुष विभाग रैत के तत्वावधान में राजकीय कन्या उच्च विद्यालय नेरटी में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम “स्वास्थ्य ज्ञान एवं विश्व शांति के लिए योग” के तहत आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
योग प्रशिक्षक उद्यालक शर्मा ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन और प्राणायाम करवाए। इस दौरान स्कंध चालन, ग्रीवा चालन, ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन और वज्रासन का अभ्यास कराया गया। वहीं कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी और शीतली प्राणायाम भी करवाए गए।
योग प्रशिक्षक ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए योग को केवल एक दिन तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे रोजमर्रा की दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने तनावपूर्ण जीवनशैली में योग और ध्यान की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम में स्कूल के मुख्याध्यापक अनिल कुमार, शिक्षक सुभाष राणा, रजनीश, विकास पठानिया, वीना देवी, मोनिका रानी, लता कुमारी, मंजू सहित अन्य शिक्षकों और विद्यार्थियों ने भाग लिया तथा आयुष विभाग का आभार जताया।