बोह स्कूल प्रबंधन समिति का गठन, ओम चंद लगातार दूसरी बार चुने गए अध्यक्ष

20 जून, तरसेम जरयाल : राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बोह में विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के गठन को लेकर आयोजित बैठक में ग्राम पंचायत सलेड़ह के उपप्रधान ओम चंद को सर्वसम्मति से लगातार दूसरी बार समिति का अध्यक्ष चुना गया। वहीं त्रिशला देवी को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य बचन चंद ने की।

बैठक के दौरान आगामी सत्र के लिए 20 सदस्यीय विद्यालय प्रबंधन समिति का गठन किया गया। चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुई, जिसमें अभिभावकों, शिक्षकों तथा स्थानीय लोगों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

ओम चंद को शिक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और पिछले कार्यकाल में विद्यालय हित में किए गए कार्यों को देखते हुए दोबारा यह जिम्मेदारी सौंपी गई। उपस्थित लोगों ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में विद्यालय के विकास को नई गति मिलेगी और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

बैठक में विद्यालय के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की गई। प्रधानाचार्य बचन चंद ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक शिक्षण संसाधनों की उपलब्धता, खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने, आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता दी जाएगी।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष ओम चंद ने कहा कि विद्यालय का विकास पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों और ग्रामीणों से विद्यालय के विकास कार्यों में सहयोग का आह्वान करते हुए कहा कि बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समिति शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण उपलब्ध करवाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेगी।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रवक्ता सुशील गोस्वामी, विनय कुमार, रघुवीर सिंह, सुदर्शना देवी, रेखा देवी, पूजा रानी सहित कई अभिभावक, कर्मचारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए विद्यालय की निरंतर प्रगति की कामना की।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *