19 जून: हिमाचल प्रदेश में नीट पुनर्परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों को हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) ने बड़ी राहत दी है। 21 जून को आयोजित होने वाली नीट परीक्षा के मद्देनजर अभ्यर्थियों को निगम की साधारण बसों में निशुल्क यात्रा सुविधा प्रदान की जाएगी। इस संबंध में एचआरटीसी प्रबंधन ने सभी इकाइयों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं।
जारी आदेशों के अनुसार अभ्यर्थी 20 जून से 22 जून तक अपने निवास स्थान से परीक्षा केंद्र तक जाने और परीक्षा के बाद वापस घर लौटने के लिए एचआरटीसी की साधारण बसों में बिना किराया दिए यात्रा कर सकेंगे। इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए अभ्यर्थियों को यात्रा के दौरान अपना नीट एडमिट कार्ड साथ रखना होगा। एडमिट कार्ड को ही उनकी पहचान, निवास स्थान और परीक्षा केंद्र के प्रमाण के रूप में स्वीकार किया जाएगा।
एचआरटीसी ने स्पष्ट किया है कि यह सुविधा केवल परीक्षा केंद्र तक एक बार आने और एक बार वापस लौटने की यात्रा के लिए ही मान्य होगी। साथ ही मुफ्त यात्रा का लाभ केवल निगम की ऑर्डिनरी बसों में ही उपलब्ध रहेगा। सभी क्षेत्रीय अधिकारियों और बस परिचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि पात्र अभ्यर्थियों को नियमों के अनुसार यह सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
निगम प्रबंधन ने परिचालकों को अभ्यर्थियों की यात्रा का विवरण एडमिट कार्ड पर दर्ज करने और उसका रिकॉर्ड सुरक्षित रखने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि किसी भी प्रकार के दुरुपयोग को रोका जा सके। एचआरटीसी के उप प्रबंधक (सीपी/आईटी) राजेश शर्मा द्वारा जारी आदेशों में सभी इकाइयों को मुफ्त यात्रा से संबंधित आंकड़े एकत्र कर मुख्यालय को भेजने के लिए कहा गया है।
इस पहल से प्रदेश भर के विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी और उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी नहीं पड़ेगा। उल्लेखनीय है कि नीट परीक्षा के पुनः आयोजन के चलते लाखों अभ्यर्थी 21 जून को परीक्षा में शामिल होंगे। ऐसे में एचआरटीसी की यह पहल विद्यार्थियों के लिए बड़ी राहत साबित होगी।