19 जून : हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में शिमला–हमीरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दधोल चौक के पास एक भयावह सड़क हादसा सामने आया है। यहां कार और बाइक के बीच हुई जोरदार टक्कर में बाइक पर सवार युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना 15 जून की शाम करीब 4 बजे पड़्यालग–दधोल चौक क्षेत्र में हुई। बताया जा रहा है कि दोनों वाहन विपरीत दिशाओं से आ रहे थे। इसी दौरान चौक के समीप कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर पीछे बैठी युवती हवा में कई फीट ऊपर उछलकर सड़क किनारे जा गिरी, जबकि बाइक चालक बाल-बाल बच गया। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायल युवती को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना पास की एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वायरल फुटेज में टक्कर के बाद युवती को दूर जा गिरते देखा जा सकता है, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में यातायात नियमों को सख्ती से लागू करने और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। वहीं पुलिस ने मामले का संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी है।