19 जून : हमीरपुर में बरसात का मौसम नजदीक आते ही नगर निगम ने शहर की नालियों की सफाई का विशेष अभियान शुरू कर दिया है। गुरुवार को सफाई कर्मियों ने विभिन्न क्षेत्रों में नालियों की सफाई कर जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने का कार्य किया, ताकि बारिश के दौरान पानी की निकासी में किसी प्रकार की बाधा न आए।
नगर निगम द्वारा 18 से 25 जून तक विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत शहर की प्रमुख नालियों और जल निकासी मार्गों की सफाई की जा रही है। निगम अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान नियमित रूप से हर 10 दिन बाद भी जारी रखा जाएगा।
नगर निगम ने नालियों पर अतिक्रमण करने वालों को भी चेतावनी दी है। शहर के कई स्थानों पर नालियों के ऊपर फल-सब्जी विक्रेताओं और दुकानदारों द्वारा सामान रखा गया है, जिससे सफाई कार्य प्रभावित होता है और जल निकासी व्यवस्था बाधित होने की आशंका बनी रहती है। निगम ने ऐसे लोगों से नालियों को खाली रखने और सहयोग करने की अपील की है, ताकि बरसात के दौरान लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।