19 जून : ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने परीक्षा विवादों और छात्रों की मौत के मामलों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। उन्होंने कथित तौर पर आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये मुआवजा देने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने की मांग की है।
यह मांग 20 जून को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित छात्र प्रदर्शन से पहले उठाई गई है। CJP ने परीक्षा में कथित अनियमितताओं और शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही की कमी के खिलाफ अपना आंदोलन तेज करने की घोषणा की है।
अभिजीत दीपके ने पत्र में दावा किया कि हाल के दिनों में कई छात्रों की मौत हुई है और परीक्षा प्रणाली को लेकर फैली अनिश्चितता के कारण छात्रों में मानसिक दबाव बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि कई परिवारों ने बच्चों की पढ़ाई के लिए भारी कर्ज लिया था और अब उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
दीपके ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को हटाने की मांग दोहराते हुए कहा कि छात्र जवाबदेही चाहते हैं। उनका कहना है कि शिक्षा व्यवस्था में विश्वास बहाल करने के लिए जिम्मेदारी तय होना जरूरी है।
उन्होंने प्रधानमंत्री से शिक्षा व्यवस्था में सुधार, छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की भी अपील की है।
गौरतलब है कि 20 जून को जंतर-मंतर पर होने वाला प्रदर्शन इस महीने CJP का दूसरा बड़ा प्रदर्शन होगा। इससे पहले 6 जून को भी संगठन ने दिल्ली में परीक्षा विवादों और कथित पेपर लीक मामलों को लेकर प्रदर्शन किया था।