18 जून: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई। हादसा बद्दी-नालागढ़ मार्ग पर खेड़ा के समीप हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
मृतक की पहचान राजू पुत्र सीता राम निवासी गांव घलेरी, डाकघर लगदाघाट, तहसील नालागढ़ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक बाइक पर बद्दी-नालागढ़ मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान खेड़ा के पास एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मानपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल नालागढ़ भेज दिया। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रक सहित मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हाईवे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। ट्रक की पहचान होने के बाद पुलिस टीम ने पीछा कर नालागढ़ ट्रक यूनियन के बाहर नाकाबंदी के दौरान वाहन को पकड़ लिया। आरोपी चालक की पहचान लच्छो राम पुत्र मुशद्दी राम निवासी गांव भेलू, डाकघर सलोनी, जिला चंबा के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।