18 जून : हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए दसवीं और जमा दो नियमित श्रेणी की सप्लीमेंट्री परीक्षाओं का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। बोर्ड द्वारा जारी डेटशीट के अनुसार दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं 3 जुलाई से शुरू होंगी। सभी परीक्षाएं प्रातःकालीन सत्र में सुबह 8:45 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जाएंगी।
दसवीं कक्षा की अनुपूरक परीक्षाएं 3 जुलाई से 10 जुलाई तक चलेंगी, जबकि जमा दो की परीक्षाएं 3 जुलाई से 16 जुलाई तक आयोजित होंगी। दसवीं श्रेणी में कंपार्टमेंट, एसेंशियल इम्प्रूवमेंट, ऑप्शनल इम्प्रूवमेंट, स्पेशल चांस और अतिरिक्त विषयों के परीक्षार्थी शामिल होंगे। वहीं जमा दो श्रेणी में कंपार्टमेंट, इंग्लिश ओनली, इम्प्रूवमेंट ऑफ परफॉर्मेंस, डिप्लोमा होल्डर री-अपीयर, स्पेशल चांस और अतिरिक्त विषयों के विद्यार्थी परीक्षा देंगे।
बोर्ड ने स्पेशल चांस श्रेणी के अभ्यर्थियों को अपने आवेदन की स्थिति अनिवार्य रूप से जांचने की सलाह दी है। ऐसे परीक्षार्थी जिलावार निर्धारित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर आवेदन की स्वीकृति या अस्वीकृति की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन स्वीकृत होने पर उन्हें निर्धारित तिथि और समय के अनुसार परीक्षा में शामिल होना होगा।
स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने विद्यार्थियों से समय का सदुपयोग कर पूरी तैयारी के साथ परीक्षा में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बोर्ड निष्पक्ष, पारदर्शी और सुव्यवस्थित परीक्षा संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर रहा है।