18 जून : धर्मशाला स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत 70 लाख रुपये की लागत से पुनर्विकसित फव्वारा चौक का मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने लोकार्पण किया। इस परियोजना का उद्देश्य कोतवाली बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना, स्थानीय सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित रखना और क्षेत्र को आकर्षक सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित करना है।
पुनर्विकास कार्य के तहत सड़क के लिए अतिरिक्त स्थान उपलब्ध करवाने हेतु फव्वारे और शहीद-ए-आजम भगत सिंह की प्रतिमा का पुनर्स्थापन किया गया है। साथ ही रामलीला मंच और फव्वारा क्षेत्र को एकीकृत सार्वजनिक प्लाजा के रूप में विकसित किया गया है, जिससे भूमि का बेहतर उपयोग और यातायात प्रबंधन सुनिश्चित हो सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नव विकसित फव्वारा चौक में पारंपरिक स्थानीय शैली की भित्ति चित्रकारी, वैरिएबल मैसेजिंग सिस्टम, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, बैठने की पर्याप्त सुविधा तथा आकर्षक केंद्रीय फव्वारा स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि स्थानीय विरासत को संरक्षित रखते हुए आधुनिक शहरी आधारभूत ढांचे का विकास राज्य सरकार की विकासोन्मुखी सोच को दर्शाता है। इससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इस अवसर पर आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा, उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, धर्मशाला नगर निगम के पूर्व महापौर देवेंद्र जग्गी, एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा, एपीएमसी अध्यक्ष निशु मोंगरा, उपायुक्त हेमराज बैरवा, पुलिस अधीक्षक अशोक रतन सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।