18 जून : मंडी जिले के जोगिंद्रनगर क्षेत्र में निजी क्लीनिक से नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।
जानकारी के अनुसार पपरोला निवासी डॉ. राकेश कुमार शर्मा ने शिकायत दी थी कि ऐहजू स्थित उनके निजी क्लीनिक का गल्ला तोड़कर अज्ञात लोग करीब 60 से 70 हजार रुपए की नकदी लेकर फरार हो गए। शिकायत मिलते ही जोगिंद्रनगर थाना और घट्टा पुलिस चौकी की टीम हरकत में आई और मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी और स्थानीय स्तर पर जुटाए गए सुरागों के आधार पर तीन युवकों को हिरासत में लिया। आरोपियों की पहचान राहुल उर्फ भीमा, अविनाश उर्फ अव्वू और आदित्य के रूप में हुई है।
पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को अदालत में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही चोरी की रकम बरामद करने और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।