17 जून : पाकिस्तान के खिलाफ जीत के साथ अभियान की शुरुआत करने वाली भारतीय महिला टीम अब बुधवार को नीदरलैंड्स के खिलाफ मैदान में उतरेगी। टीम की नजर लगातार दूसरी जीत दर्ज कर सेमीफाइनल की दावेदारी मजबूत करने पर रहेगी।
पहले मुकाबले में भारत को जीत तो मिली, लेकिन बल्लेबाजी पूरी तरह प्रभावी नहीं दिखी। सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना और ऋचा घोष ने अहम पारियां खेलकर टीम को संभाला, जबकि अन्य बल्लेबाज बड़ी भूमिका निभाने में सफल नहीं रहे। ऐसे में नीदरलैंड्स के खिलाफ मैच भारतीय बल्लेबाजों के लिए फॉर्म हासिल करने का अच्छा मौका माना जा रहा है।
गेंदबाजी में भारतीय स्पिनरों ने शानदार प्रदर्शन किया था। दीप्ति शर्मा और श्री चरणी की जोड़ी ने मिलकर आठ विकेट झटके थे। दीप्ति ने पांच विकेट लेकर पाकिस्तान की बल्लेबाजी को बुरी तरह झकझोर दिया था। हालांकि तेज गेंदबाज अरुंधति रेड्डी और क्रांति गौड़ से इस मुकाबले में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।
वहीं, नीदरलैंड्स की टीम अपना पहला मैच बांग्लादेश के खिलाफ हारकर आ रही है। टीम अब टूर्नामेंट में वापसी की कोशिश करेगी, जबकि भारत जीत की लय बरकरार रखने के इरादे से मैदान में उतरेगा।