17 जून : हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए दसवीं और जमा दो की अनुपूरक (सप्लीमेंट्री) परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि परीक्षाएं 3 जुलाई 2026 से शुरू होंगी। यह उन विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर है जो पिछली परीक्षा में सफल नहीं हो सके, अपने अंकों में सुधार करना चाहते हैं या किसी कारणवश परीक्षा में शामिल नहीं हो पाए थे।
बोर्ड द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार सभी परीक्षाएं प्रातःकालीन सत्र में सुबह 8:45 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक आयोजित की जाएंगी। दसवीं कक्षा की अनुपूरक परीक्षाएं 3 जुलाई से 10 जुलाई 2026 तक चलेंगी, जबकि जमा दो की परीक्षाएं 3 जुलाई से 16 जुलाई 2026 तक आयोजित होंगी।
बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि इन परीक्षाओं में कम्पार्टमेंट, एसेंशियल रिपीट, ऑप्शनल इंप्रूवमेंट, एडिशनल सब्जेक्ट, डिप्लोमा होल्डर री-अपीयर सहित अन्य पात्र श्रेणियों के विद्यार्थी भाग ले सकेंगे। उन्होंने ऐसे अभ्यर्थियों से भी अपने आवेदन की स्थिति समय रहते जांचने का आग्रह किया है, जिन्होंने पहले किसी कारणवश परीक्षा छोड़ दी थी या स्पेशल चांस के लिए आवेदन किया था।
विद्यार्थियों की सुविधा के लिए बोर्ड ने जिला एवं श्रेणीवार हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। परीक्षार्थी और अभिभावक परीक्षा से संबंधित किसी भी जानकारी या समस्या के समाधान के लिए इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं। बोर्ड ने परीक्षा के सफल और पारदर्शी संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी होने का दावा किया है।