16 जून : साईं बाबा के दर्शन के लिए शिर्डी जाने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलने जा रही है। मंगलवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जानकारी दी कि बुधवार को पुणे रेलवे स्टेशन से पुणे-साईनगर शिर्डी दैनिक एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई जाएगी। इसके साथ ही पुणे और शिर्डी के बीच पहली सीधी दैनिक रेल सेवा शुरू हो जाएगी।
रेलवे के अनुसार यह ट्रेन लंबे समय से श्रद्धालुओं और यात्रियों द्वारा की जा रही मांग को पूरा करेगी। देश के प्रमुख शिक्षा, आईटी और औद्योगिक केंद्रों में शामिल पुणे से अब यात्रियों को सीधे शिर्डी पहुंचने की सुविधा मिलेगी, जिससे यात्रा अधिक आसान और सुविधाजनक हो जाएगी।
शिर्डी देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है और यह साईं बाबा की समाधि के लिए प्रसिद्ध है। यहां हर साल लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। नई रेल सेवा से तीर्थयात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और किफायती यात्रा का विकल्प मिलेगा, जिससे विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों, परिवारों और समूहों को लाभ होगा।
रेलवे का मानना है कि इस ट्रेन के संचालन से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और शिर्डी तथा आसपास के क्षेत्रों की स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। साथ ही अहिल्यानगर और शिर्डी क्षेत्र के लोगों को पुणे की शैक्षणिक और स्वास्थ्य सेवाओं तक बेहतर पहुंच प्राप्त होगी।
यह ट्रेन मार्ग में दौंड कॉर्ड केबिन, श्रीगोंडा, राहुरी और बेलापुर स्टेशनों पर भी ठहरेगी, जिससे इन क्षेत्रों के यात्रियों को भी सीधा लाभ मिलेगा।