जनगणना कर्मियों की पहचान अब QR कोड से, आज से शुरू हुआ घर-घर सर्वे

16 जून : हिमाचल प्रदेश में जनगणना-2026 के पहले चरण का औपचारिक शुभारंभ मंगलवार से हो गया है। जनगणना कार्य के दौरान नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जनगणना निदेशालय ने विशेष व्यवस्था की है। अब घर-घर आने वाले जनगणना कर्मियों की पहचान उनके पहचान पत्र पर मौजूद QR कोड को स्कैन कर सत्यापित की जा सकेगी।

निदेशालय के अनुसार, प्रदेश में 16 जून से 15 जुलाई 2026 तक मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा। इस कार्य के लिए नियुक्त सभी प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण पहले ही पूरा किया जा चुका है।

जनगणना निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि जनगणना के दौरान किसी भी नागरिक से बैंक खाता संबंधी जानकारी, ओटीपी या अन्य वित्तीय दस्तावेज नहीं मांगे जाएंगे। लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की भ्रामक या संदिग्ध गतिविधि से सतर्क रहें। किसी भी जानकारी या सहायता के लिए नागरिक हेल्पलाइन नंबर 1855 पर संपर्क कर सकते हैं।

इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जा रही है, जिसके लिए प्रगणक मोबाइल ऐप का उपयोग करेंगे। जिन नागरिकों ने 1 से 15 जून के बीच ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना पूरी कर ली है, वे अपनी स्व-गणना आईडी प्रगणकों को उपलब्ध करा सकते हैं। वहीं, जो लोग स्व-गणना नहीं कर पाए हैं, उनसे 16 जून से 15 जुलाई तक घर-घर जाकर जानकारी एकत्र की जाएगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *