15 जून : हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (एचपीटीडीसी) ने अपनी होटल इकाइयों में विभिन्न श्रेणियों को दी जा रही छूट और रियायती सुविधाओं को समाप्त करने का निर्णय लिया है। यह फैसला 15 जून 2026 से तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
एचपीटीडीसी के प्रबंध निदेशक राजीव कुमार द्वारा जारी आदेशों के अनुसार यह कदम पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग के निर्देशों और निगम की मौजूदा वित्तीय स्थिति को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।
नई व्यवस्था के तहत मान्यता प्राप्त मीडिया कर्मियों, बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के सदस्यों, प्रबंध निदेशक सहित अन्य पात्र श्रेणियों को होटल इकाइयों में मिलने वाली सभी रियायतें और विशेष छूट अब उपलब्ध नहीं होंगी।
निगम ने सभी होटल प्रभारियों, प्रबंधकों और संबंधित अधिकारियों को आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि आदेशों की अनुपालना की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।