शिमला गोलीकांड में जांच तेज, मृतका के भाई से भी पूछताछ शुरू

15 जून : राजधानी शिमला में मुनिशा मित्तल की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए मृतका के भाई को भी जांच में शामिल किया है। मामले की पड़ताल के लिए शिमला पुलिस की टीम हरियाणा के कैथल पहुंची है और उससे जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस मृतका के भाई पर लगाए गए आरोपों की भी पड़ताल कर रही है।

पुलिस ने हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की हैं और जांच को तेज कर दिया है। आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में दबिश दे रही हैं। साथ ही वारदात से जुड़े सुराग जुटाने के लिए आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मुनिशा मित्तल का एक निजी स्कूल से जुड़े विवाद को लेकर कुछ लोगों से मतभेद चल रहा था। बताया जा रहा है कि स्कूल के गेट के पास दो अज्ञात हमलावरों ने उन पर हमला कर तीन गोलियां दागीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए। घटना के समय उन्होंने अपने चेहरे मास्क से ढके हुए थे।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है तथा जल्द ही मामले का खुलासा करने के प्रयास जारी हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *