15 जून : भवारना क्षेत्र की मनसिम्बल पंचायत स्थित एक निजी कैफे में शनिवार देर रात हुए विवाद के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। जानकारी के अनुसार खाने में अधिक नमक होने की शिकायत को लेकर कुछ युवकों और होटल संचालक के बीच बहस शुरू हुई, जो बाद में धक्का-मुक्की तक पहुंच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद के कुछ समय बाद होटल संचालक का एक रिश्तेदार भी मौके पर पहुंचा। इसी दौरान परिसर में तेज आवाजें सुनाई देने से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
सूचना मिलते ही भवारना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। दोनों पक्षों को थाने लाकर उनके बयान दर्ज किए गए तथा घायलों का मेडिकल परीक्षण भी करवाया गया। पुलिस कैफे में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
थाना प्रभारी गुरदेव सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।