15 जून: हिमाचल प्रदेश में किसानों से गेहूं खरीद का आज अंतिम दिन है। राज्य नागरिक आपूर्ति निगम द्वारा 8 अप्रैल से शुरू की गई गेहूं खरीद प्रक्रिया 15 जून को समाप्त हो रही है। प्रदेशभर में स्थापित 10 गेहूं खरीद केंद्रों के माध्यम से अब तक 4567.50 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की जा चुकी है, जबकि किसानों को 11.51 करोड़ रुपये का भुगतान भी जारी कर दिया गया है।
गेहूं खरीद के लिए विभाग के पोर्टल पर अब तक 1621 किसानों ने पंजीकरण कराया है। इनमें से 1592 किसानों के पंजीकरण सत्यापित किए जा चुके हैं, जबकि 1548 किसानों को फसल बेचने के लिए टोकन जारी किए गए हैं।
प्रदेश सरकार ने इस वर्ष गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में 160 रुपये की वृद्धि की है। इसके तहत किसानों से 2585 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूं खरीदा जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद 15 जून से सभी गेहूं खरीद केंद्र बंद कर दिए जाएंगे।