भोपाल AIIMS में कथित मेडिकल लापरवाही: 3 वर्षीय कैंसर पीड़ित बच्चे की मौत, जांच के बाद दो नर्सिंग अधिकारियों पर केस दर्ज

14 जून : राजधानी भोपाल स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में एक तीन वर्षीय कैंसर पीड़ित बच्चे की मौत के मामले ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच में सामने आई कथित लापरवाही के बाद पुलिस ने दो नर्सिंग अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार सागर जिले के बीना क्षेत्र निवासी सार्थक यादव ब्लड कैंसर से पीड़ित था और उपचार के लिए AIIMS भोपाल में भर्ती था। परिजनों का आरोप है कि उपचार के दौरान बच्चे को दवा के स्थान पर गलती से फॉर्मालिन युक्त पदार्थ दे दिया गया, जिसके बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।

बच्चे की हालत गंभीर होने पर उसे तत्काल गहन चिकित्सा इकाई (PICU) में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे बचाने के प्रयास किए, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मामले की जांच में नर्सिंग स्टाफ की कथित लापरवाही सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर दो नर्सिंग अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अस्पताल प्रशासन ने भी संबंधित कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है।

जांच में यह भी सामने आया कि फॉर्मालिन जैसे रसायन को सुरक्षित तरीके से रखने के नियमों का पालन नहीं किया गया था। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि फॉर्मालिन एक रासायनिक घोल है, जिसका उपयोग मेडिकल लैब में ऊतकों और जैविक नमूनों को सुरक्षित रखने के लिए किया जाता है। यह मानव शरीर के लिए अत्यंत हानिकारक माना जाता है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *