14 जून : ऊना जिले के हरोली क्षेत्र स्थित नगर पंचायत टाहलीवाल में चोरी की दो बड़ी वारदातों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। अज्ञात चोरों ने वार्ड नंबर-4 के दो घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने और नकदी चोरी कर ली। पुलिस ने मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना में चोरों ने शुक्रवार देर रात निर्मल सिंह के घर में सेंध लगाई। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने घर के पिछले हिस्से से प्रवेश कर कमरे में रखे बक्से को तोड़ दिया और बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है। वारदात से पहले चोरों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की दिशा भी बदल दी थी।
इसी बीच शनिवार दोपहर उसी वार्ड में एक और चोरी की घटना सामने आई। जोगिन्द्र सिंह के घर को निशाना बनाते हुए चोरों ने दरवाजे और ट्रंक के ताले तोड़ दिए। घर से नकदी और सोने के आभूषण चोरी होने की सूचना है। इस मामले में नुकसान का आंकड़ा करीब 7 लाख रुपये से अधिक बताया जा रहा है।
लगातार हुई इन दो घटनाओं के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस ने घटनास्थलों का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की पहचान के प्रयास जारी हैं।