काम पर निकले व्यक्ति की खाई में गिरने से मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

13 जून : जिला चम्बा की बख्तपुर पंचायत में एक दर्दनाक हादसे में व्यक्ति की ढांक से गिरने के कारण मौत हो गई। मृतक की पहचान पंकज कुमार पुत्र विदो राम निवासी बख्तपुर के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।

जानकारी के अनुसार पंकज कुमार शुक्रवार सुबह रोजाना की तरह काम के सिलसिले में घर से निकला था। रास्ते में अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरी ढांक में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा उसे गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज चम्बा पहुंचाया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी मेडिकल कॉलेज पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।

पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर बीएनएसएस की धारा 194 के तहत मामला दर्ज किया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

बख्तपुर पंचायत के प्रधान प्रवेद कृष्ण कपूर ने बताया कि उपमंडलीय प्रशासन की ओर से मृतक के परिवार को 25 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की गई है।

मृतक अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गया है। वहीं, एसपी विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *