13 जून : हिमाचल प्रदेश में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए महत्वपूर्ण खबर है। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड, धर्मशाला ने 17 जून 2026 को आयोजित होने वाली डीएलएड कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (सीईटी) और शिक्षक पात्रता परीक्षा (टेट) की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। बोर्ड ने परीक्षाओं के लिए एडमिट कार्ड अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिए हैं।
बोर्ड द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार टीईटी जून-2026 के तहत पंजाबी और उर्दू विषय की शिक्षक पात्रता परीक्षाएं 17 जून को आयोजित की जाएंगी। पंजाबी टेट परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक होगी, जिसमें प्रदेशभर से 89 अभ्यर्थी शामिल होंगे। वहीं उर्दू टेट परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक आयोजित की जाएगी, जिसमें सात अभ्यर्थी भाग लेंगे।
बोर्ड ने अभ्यर्थियों को परीक्षा से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है। किसी भी तकनीकी समस्या या जानकारी के लिए अभ्यर्थी बोर्ड के दूरभाष नंबर 01892-242192 पर संपर्क कर सकते हैं।
वहीं दो वर्षीय डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन (डीएलएड) सत्र 2026-28 में प्रवेश के लिए कॉमन एंट्रेंस टेस्ट भी 17 जून को आयोजित किया जाएगा। यह परीक्षा प्रदेशभर में बनाए गए 67 परीक्षा केंद्रों में संपन्न होगी।
स्कूल शिक्षा बोर्ड के अनुसार डीएलएड प्रवेश परीक्षा के लिए इस वर्ष कुल 9,984 आवेदन सही पाए गए हैं। ऐसे में करीब 10 हजार अभ्यर्थी शिक्षक बनने की दिशा में अपनी किस्मत आजमाएंगे। परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।