13 जून : हिमाचल प्रदेश की चार नगर निगमों में मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव का रास्ता साफ हो गया है। शहरी विकास विभाग ने सोलन, मंडी, पालमपुर और धर्मशाला नगर निगमों के नवनिर्वाचित पार्षदों के पहले अधिवेशन की अधिसूचना जारी कर दी है। इसके तहत 29 जून को पार्षदों को शपथ दिलाई जाएगी और इसी दिन महापौर तथा उपमहापौर का चुनाव भी कराया जाएगा।
जारी अधिसूचना के अनुसार संबंधित जिला उपायुक्त अधिवेशन की अध्यक्षता करेंगे। वे नवनिर्वाचित पार्षदों को शपथ दिलाने के साथ-साथ मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव की प्रक्रिया भी पूरी करवाएंगे। सोलन, मंडी और कांगड़ा के उपायुक्तों को इस कार्य के लिए अधिकृत अधिकारी नियुक्त किया गया है।
अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि बैठक नगर निगम के अधिकार क्षेत्र में किसी भी उपयुक्त स्थान पर आयोजित की जा सकती है, जिसका निर्णय अधिकृत अधिकारी लेंगे।
नगर निगम चुनाव-2026 की मतगणना 31 मई को पूरी हुई थी और परिणाम भी घोषित किए जा चुके हैं। अब मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव के साथ इन शहरों में स्थानीय स्वशासन की नई पारी शुरू होगी। धर्मशाला, पालमपुर, मंडी और सोलन में नया नेतृत्व शहरों के विकास की दिशा तय करेगा।
हिमाचल की शीतकालीन राजधानी धर्मशाला में महापौर पद का चुनाव विशेष रूप से चर्चा में है। अधिसूचना जारी होने के बाद चारों नगर निगमों में राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ गई हैं। पार्षदों के बीच समर्थन जुटाने और नए समीकरण बनाने की कवायद तेज हो गई है। ऐसे में 29 जून का दिन चारों नगर निगमों के लिए प्रशासनिक और राजनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।