13 जून : हमीरपुर पुलिस ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में वाहन चोरी और सेंधमारी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। सदर थाना हमीरपुर की टीम ने थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कुलवंत सिंह राणा के नेतृत्व में जम्मू में दबिश देकर गिरोह के दो और सदस्यों को गिरफ्तार किया। इस मामले में अब तक कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सभी आरोपी जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के निवासी हैं। उनकी पहचान आसिफ महमूद (19), जफर हुसैन (31) और आसिफ खान (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने एक आरोपी को राजौरी और दो अन्य को जम्मू से गिरफ्तार किया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने 6 जून को जम्मू से हिमाचल पहुंचकर पालमपुर से एक वैगनआर कार चोरी की। इसके बाद कुल्लू की ओर जाते समय और लौटते वक्त विभिन्न स्थानों पर चोरी और सेंधमारी की घटनाओं को अंजाम दिया।
जांच के अनुसार आरोपियों ने मंडी के पंडोह क्षेत्र में एक शराब ठेके का शटर तोड़कर नकदी और शराब चोरी की। इसके बाद हमीरपुर में वाहन चोरी की वारदात को अंजाम दिया और नादौन सहित कांगड़ा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भी चोरी की घटनाएं कीं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह ने कांगड़ा, मंडी, हमीरपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में वाहन चोरी, नकदी और अन्य सामान की चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस अब गिरोह के नेटवर्क और अन्य संभावित साथियों की तलाश में जुटी है।
एएसपी राजेश उपाध्याय ने बताया कि तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें सोमवार तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। उन्होंने कहा कि पूछताछ के दौरान कई अन्य मामलों के खुलासे की संभावना है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है।
पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और चोरी की वारदातों से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।