13 जून : सिरमौर जिले के बद्रीपुर चौक के समीप तारूवाला रोड पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार थार वाहन अनियंत्रित होकर पहले सड़क किनारे खड़ी स्कूटी से टकराया और फिर एक दुकान में जा घुसा। हादसे में स्कूटी चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी बाद में उपचार के दौरान मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि दुकान को भी भारी नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए।
मृतक की पहचान पंकज (26) पुत्र नंद लाल, निवासी गांव भगतपुर, डाकघर नजद बाबा, तहसील दियोटसिद्ध (बाबा बालक नाथ), जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में हादसे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।