12 जून : हमीरपुर में जनगणना-2027 के लिए जारी प्रशासनिक आदेशों का शिक्षकों ने विरोध जताया है। उपायुक्त द्वारा शिक्षकों को स्कूल समय के बाद अथवा अवकाश के दिनों में जनगणना कार्य पूरा करने के निर्देश दिए जाने पर विभिन्न शिक्षक संगठनों ने नाराजगी व्यक्त की है। गुरुवार को जिले के आठ शिक्षक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उपायुक्त से मुलाकात कर आदेश वापस लेने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।
शिक्षक संगठनों का कहना है कि 16 जून से 15 जुलाई तक जिले में जनगणना के प्रथम चरण के तहत गृह गणना का कार्य शुरू होना है, जिसमें बड़ी संख्या में शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। उनका आरोप है कि अन्य विभागों के कर्मचारियों को कार्य अवधि के दौरान जनगणना कार्य के लिए समय दिया जा रहा है, जबकि शिक्षकों को पूरे दिन स्कूल में पढ़ाने के बाद यह अतिरिक्त जिम्मेदारी निभाने के लिए कहा गया है।
शिक्षकों का कहना है कि स्कूल समय के बाद या छुट्टियों के दिन जनगणना कार्य करना व्यवहारिक रूप से कठिन है और निर्धारित अवधि में कार्य पूरा करने में परेशानी आएगी। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जनगणना ड्यूटी के लिए शिक्षकों को भी अन्य विभागों के कर्मचारियों की तरह कार्य अवधि के दौरान समय उपलब्ध कराया जाए।
ज्ञापन सौंपने वालों में हिमाचल प्रदेश सर्व टीजीटी महासंघ, हिमाचल राजकीय अध्यापक संघ, विज्ञान अध्यापक संघ, स्कूल प्रवक्ता संघ, टीजीटी आर्ट्स एसोसिएशन, सीएंडवी अध्यापक संघ, प्राइमरी टीचर फेडरेशन, अखिल भारतीय शैक्षणिक महासंघ तथा संस्कृत शिक्षक परिषद के पदाधिकारी शामिल रहे। विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने कहा कि यदि आदेश में संशोधन नहीं किया गया तो इस मुद्दे को सरकार और संबंधित विभागों के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा।