11 जून, रवि दत्त भारद्वाज : सिरमौर जिले के हाब्बन क्षेत्र में गुरुवार को कारगिल युद्ध के वीर शहीद लांस नायक भीम सिंह ठाकुर और देश सेवा के दौरान शहीद हुए हितेश शर्मा की स्मृति में शहीदी दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। हाब्बन स्थित शहीदी पार्क में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों और शहीदों के परिजनों ने भाग लेकर अमर वीरों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम का शुभारंभ हवन-यज्ञ से हुआ, जिसमें उपस्थित लोगों ने आहुति देकर वीर सपूतों को नमन किया। इसके बाद श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई, जहां शहीदों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उनके अदम्य साहस, वीरता और बलिदान को याद किया गया।
इस अवसर पर पझोता स्वतंत्रता सेनानी समाज कल्याण समिति हाब्बन के अध्यक्ष जय प्रकाश चौहान ने कहा कि देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले सैनिकों के प्रति राष्ट्र सदैव ऋणी रहेगा। उन्होंने कहा कि शहीद भीम सिंह ठाकुर और हितेश शर्मा की शहादत आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्रसेवा, अनुशासन और देशभक्ति के मूल्यों को अपनाना चाहिए।
कार्यक्रम में शहीद भीम सिंह ठाकुर के बड़े भाई ओम सिंह ठाकुर, उनकी पत्नी चम्पा ठाकुर सहित अन्य परिजन मौजूद रहे। वहीं शहीद हितेश शर्मा के भाई राजेश शर्मा ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए। श्रद्धांजलि सभा के दौरान कई भावुक क्षण देखने को मिले और उपस्थित लोगों ने नम आंखों से वीर सपूतों को याद किया। 
कार्यक्रम में पूर्व जिला परिषद सदस्य शकुंतला प्रकाश, कांग्रेस नेता राजेंद्र हाब्बी, वीरेंद्र हाब्बी, कमलेश हाब्बी, सोहन सिंह ठाकुर, बलदेव ठाकुर, निर्मल शर्मा, ग्राम पंचायत हाब्बन की प्रधान कृष्णा शर्मा, उपप्रधान विनय हाब्बी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हाब्बन के प्रधानाचार्य कैलाश शर्मा, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भी भाग लेकर शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए योगदान देने तथा शहीदों के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।