11 जून : नशामुक्त हिमाचल अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 12 जून को उपायुक्त कार्यालय परिसर स्थित बचत भवन में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ स्कूली बच्चों के साथ सीधा संवाद कर उन्हें नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित करेंगी।
अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) अभिषेक कुमार गर्ग ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी। साथ ही बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
कार्यक्रम में स्कूली बच्चे भाषण, पोस्टर निर्माण और नारा लेखन जैसी गतिविधियों के माध्यम से नशामुक्त हिमाचल का संदेश देंगे। इन रचनात्मक प्रस्तुतियों के जरिए बच्चों को नशे के खिलाफ जनजागरूकता अभियान से जोड़ा जाएगा।
एडीसी अभिषेक कुमार गर्ग ने शिक्षा विभाग सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि नशामुक्त हिमाचल अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।