धर्मशाला वनडे सीरीज का असर, दिल्ली-गगल हवाई किराया 16 हजार के पार

11 जून: भारत और अफगानिस्तान के बीच 13 जून से धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में शुरू होने जा रही वनडे सीरीज का असर अब हवाई यात्रा पर भी दिखाई देने लगा है। मैच देखने के लिए देशभर से क्रिकेट प्रेमियों के धर्मशाला पहुंचने की तैयारियों के बीच दिल्ली से गगल एयरपोर्ट तक के हवाई किराए में भारी उछाल दर्ज किया गया है।

सामान्य दिनों में 5500 से 7000 रुपये के बीच उपलब्ध रहने वाला दिल्ली-गगल इकोनॉमी क्लास टिकट अब 16 हजार रुपये से अधिक में बिक रहा है। एयरलाइंस की वेबसाइटों पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह दिल्ली से धर्मशाला के लिए संचालित इंडिगो की उड़ान का किराया 16,164 रुपये तक पहुंच गया है। वहीं स्पाइसजेट की विभिन्न उड़ानों के टिकट भी 10 हजार से 13 हजार रुपये के बीच उपलब्ध हैं।

दूसरी ओर एलायंस एयर की शिमला-गगल सेवा का किराया अपेक्षाकृत कम है। वर्तमान में गगल एयरपोर्ट के लिए इंडिगो, स्पाइसजेट और एलायंस एयर की उड़ानें संचालित हो रही हैं। क्रिकेट सीरीज के कारण बढ़ी मांग के चलते यात्रियों को टिकट के लिए अधिक कीमत चुकानी पड़ रही है।

विशेषज्ञों का मानना है कि मैचों की तारीख नजदीक आने के साथ हवाई किराए में और बढ़ोतरी हो सकती है। इसके अलावा प्रदेश में चल रहे पर्यटन सीजन का असर भी हवाई यात्रा की मांग पर पड़ रहा है, जिससे किराए लगातार ऊंचे बने हुए हैं। ऐसे में अंतिम समय पर टिकट बुक कराने वाले यात्रियों को और अधिक खर्च उठाना पड़ सकता है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *