11 जून : कांगड़ा घाटी रेलवे खंड पर रेल यात्रियों को बड़ा झटका लगा है। रेलवे प्रशासन ने दो नैरोगेज ट्रेनों के संचालन को अगले आदेशों तक स्थगित कर दिया है, जबकि 12 जून से हर शुक्रवार को पूरे रेल खंड पर सभी यात्री ट्रेन सेवाएं बंद रखने का फैसला लिया गया है। इस निर्णय से स्थानीय लोगों, दैनिक यात्रियों और पर्यटकों में निराशा देखी जा रही है।
गौरतलब है कि एक सप्ताह पहले ही बंद पड़ी रेल सेवाओं को दोबारा शुरू करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें सांसदों ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेनों को रवाना किया था। लेकिन उद्घाटन के कुछ ही दिनों बाद दो ट्रेनों के संचालन पर रोक लगाने और साप्ताहिक रखरखाव दिवस घोषित करने के फैसले ने लोगों को हैरान कर दिया है।
रेलवे विभाग के अनुसार कांगड़ा घाटी रेलवे खंड पर ट्रैक, पुलों, सिग्नल प्रणाली और अन्य तकनीकी ढांचे के नियमित निरीक्षण और मरम्मत के लिए प्रत्येक शुक्रवार को रखरखाव कार्य किया जाएगा। इसी कारण सभी नैरोगेज यात्री ट्रेन सेवाएं उस दिन निलंबित रहेंगी। साथ ही ट्रेन नंबर 52462 बैजनाथ-नूरपुर और 52471 नूरपुर-बैजनाथ रेल सेवाओं का संचालन अगले आदेशों तक स्थगित कर दिया गया है।
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि वर्षों से पठानकोट-जोगिंदरनगर रेलमार्ग को ब्रॉडगेज में बदलने की चर्चाएं और सर्वे होते रहे हैं, लेकिन कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया। उनका मानना है कि फिलहाल नैरोगेज रेल सेवा को ही नियमित और सुचारू रूप से चलाना अधिक जरूरी है।
कांगड़ा घाटी रेलवे संघर्ष समिति ने भी रेलवे के इस फैसले पर नाराजगी जताई है। समिति का कहना है कि जिस रेल सेवा को बड़े प्रचार-प्रसार के साथ शुरू किया गया था, वह एक सप्ताह भी सुचारू रूप से नहीं चल पाई। मामले को लेकर जल्द ही संघर्ष समिति की बैठक बुलाई जा सकती है।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले रेल सेवाओं की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है। यात्रियों को रेलवे हेल्पलाइन 139, मोबाइल ऐप और आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपडेट प्राप्त करने की सलाह दी गई है।