धर्मशाला में 13 जून को ट्रैफिक का दबाव, टेट अभ्यर्थियों को पहले पहुंचने की सलाह

10 जून: धर्मशाला में 13 जून का दिन खेल प्रेमियों और टेट परीक्षार्थियों के लिए काफी व्यस्त रहने वाला है। एक ओर भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाले वनडे क्रिकेट मैच को लेकर उत्साह चरम पर है, वहीं दूसरी ओर हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की टेट परीक्षा भी आयोजित की जाएगी। मैच के कारण शहर में भारी ट्रैफिक जाम की संभावना को देखते हुए बोर्ड ने परीक्षार्थियों को समय रहते यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी है।

प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि 13 जून को टीजीटी आर्ट्स और टीजीटी मेडिकल की टेट परीक्षा (जून-2026) आयोजित होगी। टीजीटी आर्ट्स की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक तथा टीजीटी मेडिकल की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक आयोजित की जाएगी।

बोर्ड ने अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक समय पर पहुंचने के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा है। साथ ही सलाह दी गई है कि यदि संभव हो तो परीक्षार्थी एक दिन पहले ही धर्मशाला पहुंच जाएं, ताकि ट्रैफिक जाम के कारण परीक्षा छूटने का खतरा न रहे।

धर्मशाला और आसपास के जिन परीक्षा केंद्रों पर सबसे अधिक ट्रैफिक दबाव रहने की आशंका है, उनमें राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धर्मशाला, मटौर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शाहपुर तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दाड़ी शामिल हैं। शिक्षा बोर्ड ने सभी अभ्यर्थियों से समय का विशेष ध्यान रखने और परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचने की अपील की है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *