10 जून : हिमाचल प्रदेश में सरकारी शिक्षक बनने का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए), हमीरपुर ने टीजीटी (आर्ट्स) ट्रेनी के 425 पदों (पोस्ट कोड-25001) के लिए आयोजित भर्ती परीक्षा का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 414 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि इस भर्ती के लिए प्रदेशभर से 44,155 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इनमें से 38,220 उम्मीदवार कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) में शामिल हुए। लिखित परीक्षा के आधार पर 664 अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन (Document Verification) के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया था।
दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया दो चरणों में आयोजित की गई। पहला चरण 16 अप्रैल से 22 अप्रैल तक चला, जबकि दूसरा चरण 1 जून को संपन्न हुआ। सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम रूप से 414 योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया गया है।
हालांकि विज्ञापित 425 पदों में से 11 पद रिक्त रह गए हैं। आयोग के अनुसार ओबीसी (स्वतंत्रता सेनानी आश्रित) श्रेणी के 2 पद तथा एससी (स्वतंत्रता सेनानी आश्रित) श्रेणी के 7 पद योग्य उम्मीदवार उपलब्ध न होने के कारण नहीं भरे जा सके। इसके अलावा सामान्य वर्ग के 2 पद एक मामला न्यायालय में लंबित होने के कारण फिलहाल रिक्त रखे गए हैं।
आयोग ने बताया कि भर्ती का अंतिम परिणाम आधिकारिक वेबसाइट hprca.hp.gov.in पर उपलब्ध करा दिया गया है। अभ्यर्थी वेबसाइट पर जाकर अपना रोल नंबर, नाम और प्राप्त अंकों सहित विस्तृत परिणाम देख सकते हैं।
राज्य चयन आयोग ने सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा है कि चयन प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और निर्धारित नियमों के अनुसार संपन्न की गई है। वहीं अन्य अभ्यर्थियों को भविष्य की भर्तियों के लिए बेहतर तैयारी जारी रखने का संदेश भी दिया गया है।