मलबा हटाते समय अनियंत्रित हुई जेसीबी, गहरी खाई में गिरने से चालक की जान गई

9 जून: शिमला जिले के कुमारसैन उपमंडल में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसा पेश आया। सड़क बहाली के दौरान मलबा हटाने में जुटी एक जेसीबी मशीन अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे चालक की मौत हो गई।

मृतक की पहचान 34 वर्षीय विजय कुमार पुत्र बलबीर सिंह निवासी गांव बियूह मनोटला, तहसील बलद्वाड़ा, जिला मंडी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार चामगना सड़क पर सोडलू नाला के पास जेसीबी मशीन सड़क से मलबा हटाने का कार्य कर रही थी। इसी दौरान मशीन का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चालक के सिर पर गंभीर चोटें आईं।

दुर्घटना की आवाज सुनकर स्थानीय ग्रामीण और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद घायल चालक को खाई से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुमारसैन पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार कांगल निवासी कुशवंत के बयान के आधार पर कुमारसैन थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 और 106(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण जेसीबी को लापरवाही या असावधानी से चलाना माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।

हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। वहीं, विजय कुमार की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *