रोहतांग पास जाने से पहले लें परमिट, बिना अनुमति नहीं मिलेगा प्रवेश

9 जून : रोहतांग पास की यात्रा करने वाले पर्यटकों और आम नागरिकों के लिए परमिट लेना अनिवार्य कर दिया गया है। जिला पर्यटन विकास अधिकारी लाहौल-स्पीति कुनिका एकर्स ने बताया कि कोकसर से रोहतांग पास की ओर जाने वाले सभी वाहनों को वैध परमिट के साथ ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण (एनजीटी) द्वारा रोहतांग पास जाने वाले वाहनों की संख्या प्रतिदिन 1,200 निर्धारित की गई है। पर्यावरण संरक्षण और यातायात प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए इसी निर्धारित सीमा के अनुसार वाहनों को अनुमति प्रदान की जा रही है।
कुनिका एकर्स ने स्पष्ट किया कि बिना परमिट के किसी भी वाहन को रोहतांग पास की ओर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। यदि कोई पर्यटक या आम नागरिक कोकसर अथवा गुलाबा की ओर से बिना परमिट यात्रा करने का प्रयास करता है तो उसे संबंधित पुलिस चेक पोस्ट पर ही रोक दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बिना परमिट यात्रा करने की स्थिति में पर्यटकों को अनावश्यक परेशानी और समय की बर्बादी का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए सभी पर्यटकों और वाहन चालकों से आग्रह किया गया है कि वे यात्रा से पहले निर्धारित वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर परमिट प्राप्त करें और उसके बाद ही रोहतांग पास की यात्रा करें।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *