9 जून: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के पांवटा साहिब औद्योगिक क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में 19 वर्षीय युवक की जान चली गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
जानकारी के अनुसार पांवटा साहिब के क्यारदा-सूरजपुर स्थित पेस बायोटेक कंपनी में कार्यरत अमन (19), पुत्र स्वर्गीय सुल्तान सिंह, निवासी गांव क्यारदा, सोमवार शाम अपनी शिफ्ट के दौरान माल लोडिंग से संबंधित कार्य कर रहा था। इसी दौरान कंपनी परिसर में लगी लिफ्ट के पास काम करते समय वह उसकी चपेट में आ गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
हादसे के तुरंत बाद उसे सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए और कंपनी प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी तथा लापरवाही के आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
सूचना मिलने पर कंपनी के मानव संसाधन अधिकारी और अन्य प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर घटना पर दुख व्यक्त किया तथा पीड़ित परिवार को हरसंभव आर्थिक और अन्य सहायता देने का लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद स्थिति सामान्य हुई।
उधर, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है और हादसे के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि अमन के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। परिवार में उसके दो छोटे भाई हैं। युवक की असामयिक मौत से पूरे परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर है।