8 जून: उत्तर भारत के विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता श्री चिंतपूर्णी के दरबार में रविवार को श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। अवकाश होने के कारण पंजाब, हरियाणा सहित विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता रानी के दर्शनों के लिए चिंतपूर्णी पहुंचे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते मंदिर परिसर से लेकर पुराने बस स्टैंड से आगे तक लंबी कतारें लगी रहीं और पूरा क्षेत्र जयकारों से गूंजता रहा।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिर प्रशासन और पुलिस को विशेष व्यवस्थाएं करनी पड़ीं। पंचायत चुनाव ड्यूटी से लौटे होमगार्ड जवानों ने भी सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली है, जिससे मंदिर परिसर और दर्शन मार्गों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिली।
मंदिर प्रशासन के अनुसार देर शाम तक 15 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने माता रानी की पावन पिंडी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर वित्त एवं लेखाधिकारी राजेंद्र कटोच ने बताया कि बढ़ती गर्मी और धूप को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए टैंट, पेयजल तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। प्रशासन प्राथमिकता के आधार पर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है।
इसी बीच पंजाब के नूरमहल से आए एक श्रद्धालु परिवार ने माता श्री चिंतपूर्णी के चरणों में 750 ग्राम शुद्ध चांदी का सुंदर छत्र भेंट किया। पुजारी वर्ग ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना करवाकर छत्र को मां की पावन पिंडी में समर्पित किया। श्रद्धालु ने बताया कि उनकी मनोकामना पूर्ण होने पर उन्होंने श्रद्धाभाव से यह विशेष भेंट अर्पित की है। आधुनिक कलाकारी से निर्मित यह चांदी का छत्र मां की पावन पिंडी की शोभा बढ़ा रहा है। पूजा-अर्चना के उपरांत पुजारी वर्ग ने श्रद्धालु परिवार को माता की चुन्नरी भेंट कर आशीर्वाद प्रदान किया।